चौपारण. चेक देकर राशि लेने और निर्धारित समय पर भुगतान नहीं करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. गिरफ्तार आरोपियों में केंदुआ निवासी पंकज कुमार और बहेरा निवासी प्रभु साव शामिल हैं. गिरफ्तारी के बाद थाना परिसर के आसपास समझौते का प्रयास भी हुआ, लेकिन बात नहीं बनी. पंकज कुमार ने सुनील प्रसाद केसरी से तीन माह के एकरारनामा पर राशि ली थी और भरोसे के तौर पर चेक दिया था. निर्धारित तिथि के बाद चेक बैंक में जमा करने पर वह बाउंस हो गया. कई बार राशि लौटाने की मांग के बावजूद भुगतान नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय में मामला दर्ज कराया. न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर पुलिस ने पंकज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. दूसरे मामले में प्रभु साव ने चौपारण निवासी दिलीप राणा से एकरारनामा कर राशि ली थी और चेक दिया था. बैंक में चेक जमा करने पर वह भी बाउंस हो गया. इसके बाद दिलीप राणा ने मामला दर्ज कराया. न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने पर पुलिस ने प्रभु साव को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया.
चेक बाउंस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
समझौते का प्रयास बेकार, जेल भेजे गये
