चरही (हजारीबाग): जिले के चरही रेलवे साइडिंग के पास अवैध कोयला लदा एक ट्रेलर (गाड़ी नं. JH-02BL-6483) को जब्त किया गया है. बताया जा रहा है कि गुरुवार तड़के करीब 4 बजे यह ट्रेलर रेलवे साइडिंग के समीप फंस गया था. इसकी सूचना मिलते ही मौके पर CCL चरही क्षेत्र की सुरक्षा की टीम और चरही थाना पुलिस पहुंची और संयुक्त रुप से कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की.
चालक फरार, अबतक सामने नहीं आया वाहन मालिक
जांच में टीम ने ट्रेलर में करीब 60 टन कोलया लदा पाया. वाहन चालक मौके से फरार हो गया. जबकि वाहन मालिक भी अबतक सामने नहीं आया है. पुलिस ने ट्रेलर जब्त कर लिया है. जब्त कोयले को रेलवे साइडिंग में सुरक्षित रखने की प्रक्रिया चल रही है.
सीसीएल हजारीबाग क्षेत्र के सुरक्षा पदाधिकारी रंजीत कुमार विमल ने बताया कि कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद वाहन को चरही पुलिस के हवाले कर दिया जाएगा. इधर, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जोराकाठ, सेहदा और चपरी की वन भूमि में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध कोयला उत्खनन किया जा रहा है. ग्रामीणों ने इस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है.
