सूमो ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, एक की मौत

हजारीबाग-रामगढ़ पथ पर मोरांगी गांव के समीप हादसा

हजारीबाग. हजारीबाग-रामगढ़ पथ पर मोरांगी गांव के समीप रविवार की सुबह करीब 6.30 बजे एक सूमो वाहन ने ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. जिससे ट्रैक्टर पर सवार कटकमसांडी के डांड गांव के राजेश राम (30 वर्ष) की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. जबकि मोरांगी के रामू राम और कृष्णा राम घायल हो गये. दुर्घटना में सूमो वाहन और ट्रैक्टर के परखच्चे उड़ गये. इस घटना में सूमो वाहन में बैठे यात्री बाल-बाल बचे. मृतक व घायल मजदूरी करने जा रहे थे. इधर, घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण सड़क जाम करने लगे. सूचना मिलते ही मौके पर दलबल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी कुणाल किशोर ने स्थानीय लोगों की मदद से ग्रामीणों को समझाया व सड़क जाम करने से रोका. मृतक के शव का पोस्टमार्टम शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं दोनों घायलों का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है.

पहले ट्रेलर ने सूमो में पीछे से मारी थी टक्कर

स्थानीय लोगों ने बताया कि सूमो वाहन (जेएच01सीए-8365) पर सवार हुरहूरू पतरातू के लोग पूजा करने के लिए रजरप्पा मंदिर जा रहे थे. इसी क्रम में एक अज्ञात ट्रेलर ने सूमो को पीछे से धक्का मार दिया. जिससे सूमो ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी. स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक राजेश राम मोरांगी नौकीटांड़ अपने ससुराल में रहता था. वह पहली बार ट्रैक्टर में मजदूरी का काम करने के लिए चढ़ा था.

जाम में फंसे परीक्षार्थी :

हजारीबाग से कई परीक्षार्थी परीक्षा देने रांची जा रहे थे. दुर्घटना के बाद कार, बस एवं अन्य वाहन जाम में फंस गये. थाना प्रभारी, मोरांगी के पूर्व मुखिया चौधरी प्रसाद साहू, समाजसेवी रोहित राम समेत कई लोगों ने सड़क में जाम नहीं लगने दिया. जाम में फंसे विद्यार्थियों के वाहन को निकाल कर रवाना कराया. पुलिस क्षतिग्रस्त सूमो वाहन को जब्त कर थाना ले आयी है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >