हजारीबाग: हजारीबाग के सदर प्रखंड के नगवां गांव निवासी स्वर्गीय मंटू मेहता के पुत्र संजीत कुमार ने नीट परीक्षा में झारखंड में दूसरा स्थान हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया है. मंगलवार को हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद संजीत के घर पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर सम्मानित किया.
उन्होंने संजीत की माता और परिजनों को भी बधाई देते हुए उनके संघर्ष और समर्पण की सराहना की.विधायक ने कहा कि संजीत की सफलता साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की नहीं, बल्कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प की मोहताज होती है.
उन्होंने कहा कि पिता के निधन के बाद उनकी मां ने कठिन परिस्थितियों में उनका पालन-पोषण कर यह मुकाम दिलाया. उन्होंने संजीत की उपलब्धि को ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए विश्वास जताया कि वे एक सफल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज व राष्ट्र की सेवा करेंगे.
