बरकट्ठा, हजारीबाग : प्रखंड क्षेत्र के ग्राम पिपराही में विकास के दावों की पोल खोलती एक बदहाल सड़क ने स्थानीय ग्रामीणों का जीना मुहाल कर दिया है. पिपराही पुल से लेकर पिपराही होते हुए धोबारी-लश्करी मिलान रोड तक जाने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाल है. सड़क की जर्जर हालत के कारण यहां के निवासियों का रोजाना आवागमन चुनौती बन गया है.
कच्ची सड़क की स्थिति यह है कि सामान्य दिनों में भी लोगों को दिक्कत होती है. बरसात के समय गड्ढों में पानी और कीचड़ जमा होने से वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. दोपहिया वाहन चालकों के लिए सड़क पर संभलकर चलना भी मुश्किल हो जाता है. साइकिल और मोटरसाइकिल सवार अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं और चोटिल होते हैं.
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर जतायी नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि आजादी के बाद से अब तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया है. चुनाव के वक्त नेता बड़े-बड़े वादे और आश्वासन देकर चले जाते हैं, लेकिन चुनाव बीत जाने के बाद इस उपेक्षित क्षेत्र की तरफ कोई मुड़कर नहीं देखता.
पिपराही के ग्रामीणों ने स्थानीय मुखिया रीता देवी एवं प्रतिनिधि डेगलाल साव से एक बार फिर पुरजोर मांग की है कि वे इस गंभीर समस्या का तत्काल संज्ञान लें.
ग्रामीण दिलीप किस्कू, संजय मुर्मू, अनील हांसदा, नरेश किस्कू, केशोलाल किस्कू समेत अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द ही इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बाध्य होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा.
