अज्ञात वाहन के धक्के से पैंथर जवान की मौत

कोर्रा थाना में थे पदस्थापित, रात्रि गश्ती पर निकले थे

हजारीबाग. कोर्रा थाना में पदस्थापित पैंथर पुलिस को रात्रि में माेटरसाइकिल गश्ती के दौरान सिंदूर स्थित एक होटल के निकट अज्ञात वाहन ने चपेट में ले लिया. इसमें पैंथर पुलिस नंदलाल ठाकुर उर्फ नंदू ठाकुर की मौत घटनास्थल पर हो गयी. जबकि पीछे बैठे दूसरे पैंथर पुलिस गणेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये. दोनों को घटनास्थल से आरोग्यम अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने नंदलाल को मृत घोषित कर दिया. जबकि घायल गणेश सिंह (छपरा, बिहार) को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया गया. घटना 20 जून की देर रात की है. शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद नंदलाल ठाकुर को पुलिस केंद्र में अंतिम सलामी दी गयी. इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. नंदलाल ठाकुर गिरिडीह के बेंगाबाद के रहने वाले थे. वर्तमान में हजारीबाग के लाखे मुहल्ला में परिवार के साथ रह रहे थे.

एटीएम की चेकिंग के लिए निकले थे :

पैंथर गणेश सिंह एवं नंदलाल ठाकुर एक ही मोटरसाइकिल से प्रत्येक दिन की तरह 20 जून की रात करीब 1.15 बजे थाना क्षेत्र के सभी एटीएम बूथ की जांच करने के लिए निकले थे. सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दोनों सिंदूर स्थित एटीएम बूथ जांच करने के लिए गये थे. इसी क्रम में अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया.

एनएच में लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच :

एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर पैंथर पुलिस को धक्का मारने वाले वाहन की पहचान के लिए एनएच-33 सिंदूर से रामगढ़ तक लगे सीसीटीवी के फुटेज की जांच की जा रही है. एनएच-33 फोरलेन एवं पुराना एनएच-33 सिंदूर हजारीबाग मार्ग में विभिन्न संस्थानों में लगे सीसीटीवी को खंगाला गया है. हालांकि अब तक धक्का मारने वाले वाहन की पहचान नहीं हुई है.

नशा कारोबारी व मवेशी तस्कर खाते थे खौफ :

हजारीबाग शहरी क्षेत्र में पैंथर गणेश सिंह और नंदलाल ठाकुर से नशा कारोबारी व मवेशी तस्कर खौफ खाते थे. कई पुलिस पदाधिकारियों ने कहा कि दोनों शहर के जिन थानों में पदस्थापित रहे, उस क्षेत्र के कई नशा कारोबारियों व मवेशी तस्करों को पकड़कर उपलब्धि हासिल की थी. दोनों एक साथ कई साल से पैंथर पुलिस में पदस्थापित थे.

पुलिस केंद्र में दी गयी अंतिम सलामी :

हजारीबाग पुलिस केंद्र में मृतक नंदलाल ठाकुर को अंतिम सलामी दी गयी. इस दौरान सदर एसडीपीओ अमित आनंद, मेजर कुमार देवब्रत, इंस्पेक्टर ललित कुमार, पुलिस मेस एसोसिएशन के मंत्री उपेंद्र मिश्रा समेत कई पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे. पुलिस मेस एसोसिएशन के मंत्री उपेंद्र मिश्रा ने बताया कि नंदलाल ठाकुर का अंतिम संस्कार उसके पैतृक गांव बेंगाबाद में किया जायेगा. दाह संस्कार के लिए पुलिस मेस एसोसिएशन की ओर से सहयोग राशि दी गयी है. मृतक के दो पुत्र एवं तीन पुत्रियां हैं. सरकार की ओर से मिलने वाली मुआवजे की राशि जल्द से जल्द दिलाने में एसोसिएशन सहयोग करेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SUNIL PRASAD

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >