हजारीबाग. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र संघ चुनाव अप्रैल माह में कराने के आश्वासन के बाद एनएसयूआइ ने चौथे दिन गुरुवार को अपनी भूख हड़ताल समाप्त की. एनएसयूआइ जिला अध्यक्ष अभिषेक राज कुशवाहा के नेतृत्व में छात्र अपनी मांगों को लेकर कड़ाके की ठंड में विश्वविद्यालय परिसर में भूख हड़ताल पर बैठे थे. उनकी प्रमुख मांगों में छात्र संघ चुनाव कराना, बंद पड़े हॉस्टलों को खोलने, शैक्षणिक सत्र को नियमित करने, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार सहित कुल 21 सूत्री मांगें शामिल थीं. 21 जनवरी की देर रात कुलपति से छात्रों की वार्ता हुई. जिसमें कई मांगों पर सहमति नहीं बन पायी. जिसके बाद आंदोलन जारी रहा. गुरुवार को एक बार फिर वार्ता हुई, जिसमें कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष जय शंकर पाठक, पूर्व मंत्री सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष जेपी पटेल व अरुण साहू शामिल हुए. कुलपति की अनुपस्थिति में विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र कल्याण संकाय अध्यक्ष विकास कुमार सहित अन्य पदाधिकारी वार्ता में शामिल थे. लंबी बातचीत के बाद प्रशासन ने छात्र संघ चुनाव अप्रैल में कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद एनएसयूआइ जिला अध्यक्ष अभिषेक राज कुशवाहा एवं राजेश कुमार को जूस पिलाकर अनशन तोड़वाया गया. छात्रों ने कहा कि आंदोलन फिलहाल स्थगित किया गया है, यदि आश्वासनों पर अमल नहीं हुआ, तो पुनः लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करेंगे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
