हजारीबाग. निर्मल महतो पार्क को आधुनिक स्वरूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गयी है. शहरवासियों को बेहतर मनोरंजन और हरियाली से भरपूर वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम ने पार्क के जीर्णोद्धार का निर्णय लिया है. नगर आयुक्त और उपायुक्त के संयुक्त निरीक्षण के दौरान पार्क की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके कायाकल्प की जरूरत महसूस की गयी थी. इसके बाद उपनगर आयुक्त की अध्यक्षता में तकनीकी टीम ने दो चरणों में पार्क का निरीक्षण कर आवश्यक कार्यों का प्रारंभिक आकलन किया. नगर निगम की योजना है कि पार्क को राज्य के बेहतरीन पार्कों में शामिल किया जाये. इसके तहत मुख्य गेट का सौंदर्यीकरण, शौचालयों की मरम्मत, बच्चों के आकर्षण डायनासोर मॉडल की रिपेयरिंग और नये झूलों की व्यवस्था की जायेगी. पार्क स्थित कैफेटेरिया को फिर से चालू किया जायेगा, जबकि लंबे समय से बंद पड़ा म्यूजिकल फाउंटेन भी दुरुस्त होगा. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. साथ ही पार्क में नयी लाइटिंग, पौधरोपण, रोज गार्डन का विकास और आधुनिक बेंच लगाने की योजना बनायी गयी है. सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बने एम्फीथिएटर का भी कायाकल्प किया जायेगा. नगर निगम ने इसके लिए कंसलटेंट नियुक्त करने का प्रस्ताव दिया है, ताकि आधुनिक और आकर्षक डिजाइन के साथ पार्क को नया स्वरूप दिया जा सके.
निर्मल महतो पार्क का होगा कायाकल्प
नगर निगम ने तैयार किया मास्टर प्लान
