हजारीबाग. जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां जोरों पर है. मंगलवार को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह चेयरमैन जिला विधिक सेवा प्राधिकार रंजीत कुमार ने अधिवक्ताओं के साथ बैठक की. इसमें अधिक से अधिक मामलों का निष्पादन करने को लेकर चर्चा की गयी. पक्षकारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बिंदुओं पर प्राधिकार के सचिव डॉ रवि प्रकाश तिवारी को दिशा-निर्देश दिये गये. बैठक में बार संघ के कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार, सचिव सुमन कुमार सिंह समेत कई अधिवक्ता शामिल थे. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने न्यायिक पदाधिकारियों के साथ अलग बैठक की. इसमें सुलहनीय वादों को चिन्हित कर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में शामिल कर पक्षकारों को नोटिस भेजवाने का निर्देश दिया. राष्ट्रीय लोक अदालत नौ मई को सिविल कोर्ट परिसर में आयोजित की जायेगी. प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने इस राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक-से-अधिक वादों के निष्पादन का सभी से आह्वान किया.
राष्ट्रीय लोक अदालत नौ मई को
प्रधान जिला जज ने अधिक से अधिक वादों के निष्पादन का आह्वान किया
