चौपारण से अजय ठाकुर की रिपोर्ट
चौपारण(हजारीबाग). हजारीबाग जिले के चौपारण में जीटी रोड पर महूदी के पास मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. हरियाणा से दूध का पाउडर लेकर उड़ीसा और रांची की ओर जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया. घटना के समय ट्रक में भारी मात्रा में दूध का पाउडर लदा हुआ था.
चलती गाड़ी का चक्का खुलने से हुआ हादसा
ट्रक चालक गया (बिहार) निवासी विजय यादव (गाड़ी संख्या PB 11 CJ 2444) ने बताया कि अचानक गाड़ी का पिछला चार चक्का खुल गया. इसके बाद ट्रक असंतुलित होकर बीच सड़क पर ही पलट गया. हालांकि, इस घटना में चालक विजय यादव बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई.
ट्रक में लदा सारा माल सुरक्षित
सड़क हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के बावजूद ट्रक में लदा पूरा दूध का पाउडर पूरी तरह से सुरक्षित है. घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे बाद में सामान्य कराया गया.
ये भी पढ़ें: चौपारण के बेलाही में संपन्न हुआ 7 दिवसीय रात्रि फुटबॉल टूर्नामेंट: पूर्णाथाम की टीम बनी विजेता
