हजारीबाग. उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला खनन टास्क फोर्स, सड़क सुरक्षा (हिट एंड रन) और नार्को कोऑर्डिनेशन समिति (एनसीओआरडी) की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई. बैठक में अवैध खनन, सड़क सुरक्षा और नशा उन्मूलन को लेकर कई अहम निर्देश दिये गये.
डीसी ने एनसीओआरडी बैठक में शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में नशा मुक्ति केंद्र स्थापित करने की दिशा में कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया. साथ ही स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस कार्रवाई तेज करने पर जोर दिया गया. मेडिकल कॉलेज में नशामुक्ति केंद्र खोलने की तैयारी जोर दिया साथ ही छात्रों को किया जायेगा जागरूक.
डीसी ने सभी चेक पोस्टों पर लगातार निगरानी रखने, प्रतिदिन कार्रवाई की रिपोर्ट और फोटो उपलब्ध कराने तथा अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ अभियान तेज करने का निर्देश दिया. वन क्षेत्रों में अवैध कोयला उत्खनन पर सख्ती दिखाते हुए 25 अगस्त तक अवैध कोयला खदानों के मुहानों को ध्वस्त कराने और अवैध ईंट भट्ठों को बंद कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
सड़क सुरक्षा की समीक्षा में बरही-चौपारण मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए डीसी ने एनएचएआई को सड़क मरम्मत जल्द पूरी करने के निर्देश दिये. गोरहर व बरही थाना क्षेत्र में एंबुलेंस हमेशा चालू रखने तथा हजारीबाग-विष्णुगढ़ मार्ग के सूखे पेड़ों को हटाने को कहा.
