विष्णुगढ़: एनएच- 522 हजारीबाग-बगोदर मार्ग पर स्थित आठ मील में दो दशक पुराने भूमि विवाद खत्म हो गया. हजारीबाग न्यायालय के आदेश के बाद पुलिस-प्रशासन की टीम ने 52 डिसमिल जमीन पर बने अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया. अवैध कब्जा हटाने का विरोध कर रही छह महिलाओं ने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया.
प्रशासन ने तत्परता से शटर तोड़कर सभी महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला. इसके बाद जेसीबी की मदद से दो पक्के मकान और एक कारकेट शीट से बने निर्माण को पूरी तरह हटा दिया. कारू साव व मल्लू साव तथा 12 अन्य के बीच इस जमीन को लेकर 20 वर्षों से विवाद न्यायालय में चल रही थी.
हजारीबाग कोर्ट से कारू साव के पक्ष में डिग्री दिया. न्यायालय के निर्देश पर विष्णुगढ़ अंचलाधिकारी नित्यानंद दास को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जमीन खाली कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये थे.
मौके पर न्यायालय के नियुक्त अधिवक्ता धनेश्वर ठाकुर, मजिस्ट्रेट सह सीओ नित्यानंद दास, एसआई आशीष कुमार सिंह, एसआई दशरथ महतो और एसआई क्लोदियस बरजो समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थे.
