बरकट्ठा: प्रखंड क्षेत्र के ग्राम खैरियो स्थित राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय में चोरों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए ताला तोड़कर एक लाख रुपये से अधिक मूल्य की सरकारी संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. यह घटना सोमवार 27 जुलाई की रात की है, जिसकी जानकारी मंगलवार की सुबह शिक्षकों के विद्यालय पहुंचने पर हुआ.
जानकारी के अनुसार चोरों ने विद्यालय के आईसीटी लैब का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे तीन कंप्यूटर सेट, तीन माॅनीटर सेट, तीन सीपीयू, दो वेब कैमरा, एक प्रोजेक्टर, एक प्रिंटर, साउंड सिस्टम व अन्य सामान की चोरी कर ली.
इस बहुमूल्य शैक्षणिक उपकरणों के चोरी होने से विद्यालय में पठन-पाठन और डिजिटल शिक्षा व्यवस्था को बड़ा झटका लगा है. इस बाबत विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुंदर लाल साव ने बरकट्ठा थाना में लिखित आवेदन दिया है.
पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. इस दुस्साहसिक चोरी से स्थानीय ग्रामीणों और शिक्षकों में गहरी नाराजगी है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई जा रही है.
