शिक्षकों के मानदेय में बढ़ोतरी को मंजूरी, अगले महीने से मिलेगा बढ़ा हुआ भुगतान

झारखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी, सरकार ने मानदेय में 10 फीसदी की बढ़ोतरी को मंजूरी दी.

आरिफ की रिपोर्ट

हजारीबागः झारखंड में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय (केजीवीभी) के शिक्षकों के लिए अच्छी खबर है. झारखंड शिक्षा परियोजना कार्यकारिणी परिषद की बैठक में केजीवीभी शिक्षकों के मानदेय में 10 फीसदी की बढ़ोतरी का निर्णय लिया गया है. मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में शिक्षा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गयी.

हजारीबाग में 10 केजीवीभी, 3200 छात्राएं अध्ययनरत

हजारीबाग जिले में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों की संख्या 10 है. इनमें करीब 3200 छात्राएं पढ़ रही हैं, जबकि 130 से अधिक शिक्षक कार्यरत हैं. शिक्षक लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे थे. मानदेय में वृद्धि के फैसले से शिक्षकों में खुशी का माहौल है.

जिले के केरेडारी, बड़कागांव, बरकट्ठा, चौपारण, चुरचू, पदमा, विष्णुगढ़, कटकमसांडी, इचाक और बरही प्रखंड में केजीवीभी संचालित हैं. इनमें अधिकांश विद्यालयों में कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई होती है. चुरचू प्रखंड के चरही स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय को मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बनाया गया है, जहां छात्राओं को सीबीएसई आधारित शिक्षा दी जा रही है.

ये भी पढ़ों- चुटूपालू घाटी के ब्लैक स्पॉट का सांसद मनीष जायसवाल ने किया निरीक्षण

ग्रामीण छात्राओं को मिल रहा आवासीय शिक्षा का लाभ

केजीवीभी में ड्रॉपआउट, अनाथ, एसटी, एससी, ओबीसी, अल्पसंख्यक और अन्य वर्गों की छात्राओं को शिक्षा से जोड़ा गया है. खासकर ग्रामीण क्षेत्र की छात्राओं के लिए आवासीय व्यवस्था के कारण शिक्षा हासिल करना आसान हुआ है. विद्यालयों में छात्राओं को रहने और पढ़ाई के साथ किताबें, भोजन, दवा सहित अन्य जरूरी सुविधाएं सरकार की ओर से उपलब्ध करायी जाती हैं.

अगले महीने से बढ़ा मानदेय मिलने की संभावना

मानदेय में 10 फीसदी बढ़ोतरी के फैसले पर शिक्षकों ने खुशी जतायी है. एक शिक्षक ने कहा कि लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर शिक्षक आंदोलनरत थे. अब सरकार के फैसले से उन्हें राहत मिलेगी. वहीं, परियोजना कर्मियों के मानदेय में वृद्धि नहीं होने से उनमें मायूसी है.

डीईओ कुमारी नीलम, हजारीबाग ने बताया कि 27 अगस्त को मुख्य सचिव अविनाश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में केजीवीभी शिक्षकों के मानदेय में 10 फीसदी वृद्धि का निर्णय लिया गया है. बढ़ा हुआ मानदेय अगले महीने से लागू होने की संभावना है. इसका आदेश जल्द जारी किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- सौंदा डी में आधी रात दो हाथियों का उत्पात, दुकान का शटर तोड़ा; ग्रामीणों में दहशत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >