हजारीबाग. विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत शनिवार को नगर निगम और सदर के शहरी क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किया गया. सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक चले शिविर में बड़ी संख्या में मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्र पहुंचे. शिविर में मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म (गणना प्रपत्र) उपलब्ध कराया गया तथा भरे हुए प्रपत्र भी जमा लिये गये.
बीएलओ ने ऐसे मतदाताओं को फॉर्म दिया, जिन्हें अब तक प्रपत्र प्राप्त नहीं हुआ था. वहीं, फॉर्म भर चुके मतदाताओं से प्रपत्र लेकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गयी. इस दौरान बीएलओ ने मतदाताओं को विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी भी दी और उनकी शंकाओं का समाधान किया.
निर्वाचन विभाग ने बताया कि जिन मतदाताओं का एन्यूमरेशन फॉर्म अब तक प्राप्त या जमा नहीं हो सका है, उनके लिए 20 जुलाई को भी सभी शहरी मतदान केंद्रों पर सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक विशेष शिविर लगाया जायेगा. ऐसे मतदाता अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर फॉर्म प्राप्त करें या भरा हुआ प्रपत्र जमा करें. विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिन मतदाताओं ने पहले ही बीएलओ के पास या ऑनलाइन माध्यम से सफलतापूर्वक एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कर दिया है, उन्हें दोबारा शिविर में आने की आवश्यकता नहीं है.
