कटकमसांडी (हजारीबाग): DC हेमंत सती ने गुरुवार को कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंद पड़ी एक्स-रे मशीन की स्थिति की जानकारी ली और लैब टेक्नीशियन के संबंध में पूछताछ की. उन्होंने ड्रेसिंग रूम, दवा वितरण पंजी, स्टाफ पंजी और चिकित्सकों की उपस्थिति की भी जांच की. सीएचसी प्रभारी डॉ. भूषण राणा जिला मुख्यालय में बैठक में शामिल होने गये थे. उपायुक्त ने उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. साथ ही सिविल सर्जन को भी व्यवस्था में सुधार के लिए निर्देशित किया.
बताया जाता है कि कटकमसांडी सीएचसी में करीब एक करोड़ रुपये की लागत से खरीदी गयी अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीन पिछले दो-तीन वर्षों से बंद पड़ी है. मशीनों के उपयोग में नहीं होने के कारण प्रखंड क्षेत्र के मरीजों को जांच के लिए हजारीबाग शहर जाना पड़ता है. इससे खासकर गरीब मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
बिरहोर टांडा में अगस्त के पहले शनिवार को लगेगा विशेष शिविर
इसके बाद उपायुक्त ने कटकमसांडी प्रखंड के बिरहोर टांडा, कंडसार का निरीक्षण किया. उन्होंने अगस्त माह के पहले शनिवार को बिरहोर टांडा में विशेष बहुउद्देशीय शिविर आयोजित करने की घोषणा की. शिविर में बैंक खाता अपडेट, आधार सुधार, राशन कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र, मंईयां सम्मान योजना, आयुष्मान कार्ड, स्वास्थ्य जांच सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा.
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बिरहोर समुदाय के लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं. महिलाओं ने राशन, पेंशन, आंगनबाड़ी और अन्य सुविधाओं से संबंधित समस्याएं रखीं. बारिश के दौरान कई घरों में छत से पानी टपकने की शिकायत पर उन्होंने तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
ग्रामीणों की खेती योग्य भूमि की मांग पर उपायुक्त ने सामुदायिक वन पट्टा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया. उन्होंने नव प्राथमिक विद्यालय बिरहोर टांडा, आयुष्मान आरोग्य मंदिर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कंडसार का भी निरीक्षण किया. इस दौरान बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता और चिकित्सकों की उपस्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
