चौपारण: जीटी रोड पर सोमवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गयी, जबकि बाइक सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. पहली घटना में ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ जीटी रोड जाम कर दिया.
मृतका की पहचान जोकट निवासी सरनी देवी (58 वर्ष), पति इंदो ठाकुर के रूप में हुई है. बताया गया कि सरनी देवी जीटी रोड पार कर अपने घर की ओर जा रही थीं. इसी दौरान बिहार से बरही की ओर जा रहे ट्रक जेएच02एएच 9913 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गयी.
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को कुछ दूर खड़ा कर फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. इधर, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया और सड़क निर्माण कार्य करा रही कंपनी के खिलाफ नारेबाजी की.
सर्विस रोड की बदहाली पर ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है. महुदी मोड़ के पास आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है, जबकि सर्विस रोड पर जगह-जगह गड्ढे हो गये हैं. ग्रामीणों का कहना है कि बदहाल सड़क और यातायात व्यवस्था के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों को जान गंवानी पड़ रही है.
दूसरी दुर्घटना में बाइक सवार गंभीर
वहीं दूसरी सड़क दुर्घटना कमलवार के पास हुई. इसमें चौपारण-चतरा मोड़ क्षेत्र का एक युवक बाइक दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बरही पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बतायी जा रही है.
एक ही दिन जीटी रोड पर हुई दो दुर्घटनाओं ने सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.
