हजारीबाग: शहर के खिरगांव स्थित सिरका रोड पर गुरुवार की दोपहर करीब दो बजे बाइक सवार दो अपराधियों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए. पीड़िता सिरका मुहल्ला निवासी रंगोली देवी ने घटना की जानकारी बड़ाबाजार पुलिस को दे दी है.
गले से चेन झपटकर फरार हुए अपराधी
उन्होंने बताया कि छीनी गई चेन की कीमत 1 लाख रुपए से अधिक है. जानकारी के अनुसार, वह घर से पैदल किसी निजी कार्य के लिए निकली थीं. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और गले से चेन झपटकर फरार हो गए.
इधर, इस घटना की सूचना मिलते ही बड़ाबाजार पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस ने शहर से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहन जांच शुरू कर दी है. साथ ही सिरका रोड और आसपास के घरों और निजी संस्थानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है.
अपराधियों को जल्द पकड़ा जाएगा- TOP प्रभारी
घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बड़ाबाजार टीओपी प्रभारी मुकेश रजक ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
