बरकट्ठा(हजारीबाग) : हजारीबाग जिले के बरकट्ठा में राजकीय बुनियादी विद्यालय बेलकप्पी में 42 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण किया गया. इस दौरान मुख्य अतिथि के रूप में मुखिया ललिता देवी और विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंदन कुमार पांडेय मौजूद रहे. इस दौरान अनुसूचित जनजाति (ST) के एक, अनुसूचित जाति (SC) के 12 और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 29 विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण किया गया. सरकार के इस पहल से छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने की समस्या से निजात मिलेगी.
साइकिल मिलते ही विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखी
साइकिल मिलने के बाद सभी विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली. साइकिल विरतण के बाद विद्यालय प्रबंधन और उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया.
ये भी पढ़ें: आज जमशेदपुर आएंगे मुख्यमंत्री, शहीद निर्मल महतो को देंगे श्रद्धांजलि
मुखिया ललीता देवी ने क्या कहा?
समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया ललिता देवी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए विद्यालय तक पहुंचना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है. खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले छात्र-छात्राओं को पैदल विद्यालय पहुंचने में काफी समय लग जाता है. ऐसे में साइकिल मिलने से उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा होगी और पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय भी मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह की योजनाएं काफी महत्वपूर्ण हैं. इससे विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी. साथ ही वे आगे की शिक्षा जारी रखने के लिए प्रेरित होंगे.
शिक्षा विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की आधारशिला
वहीं प्रधानाध्यापक चंदन कुमार पांडेय ने भी विद्यार्थियों को साइकिल का सदुपयोग करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने की बात कही. उन्होंने कहा कि शिक्षा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है. विद्यालय और अभिभावकों के सहयोग से बच्चों को बेहतर शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराया जा सकता है.
अभिभावकों में भी दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में भी उत्साह देखा गया. उपस्थित लोगों ने साइकिल वितरण को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताया. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही विद्यालय में बच्चों की नियमित उपस्थिति भी बढ़ेगी. समारोह को सफल बनाने में शिक्षक संतोष निराला, ललिता देवी, नरेंद्र पांडेय सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकों और कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
ये भी पढ़ें: जेपीएससी के तीन सदस्यों को नोटिस, सीआईडी करेगी पूछताछ
