हजारीबाग: हजारीबाग के बरकट्ठा प्रखंड क्षेत्र के ग्राम लगनवा में बुधवार से 24 घंटे के अखंड हरिकीर्तन की शुरुआत हुई. धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में भक्तिमय माहौल बना हुआ है. आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर हरे राम के संकीर्तन में शामिल हो रहे हैं.
आयोजकों के अनुसार अखंड हरिकीर्तन गुरुवार दोपहर तक लगातार चलेगा. इसके बाद पूर्णाहुति, हवन और भव्य महाप्रसाद वितरण के साथ भंडारा का आयोजन किया जायेगा. इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है.
अखंड हरिकीर्तन में लगनवा के अलावा शिलाड़ीह, डोंडहारा, घंघरी, लेम्बुआ, बाजूकोला और झंडवाटांड़ समेत आसपास के कई गांवों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. श्रद्धालु बारी-बारी से संकीर्तन में शामिल होकर भगवान का स्मरण कर रहे हैं.
धार्मिक आयोजन को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है. श्रद्धालुओं का कहना है कि अखंड हरिकीर्तन जैसे आयोजनों से लोगों में धार्मिक आस्था के साथ आपसी एकता और भाईचारे की भावना भी मजबूत होती है.
मौके पर पंसस प्रतिनिधि राजकुमार गिरी, विहिप पंचायत अध्यक्ष शिवलाल यादव, सुनील पांडेय, कार्तिक करण देव, बाबूलाल पांडेय, सूरज देव प्रजापति, श्याम किशोर पांडेय, राजन चौधरी, पवन पांडेय और प्रदीप पांडेय समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे.
