रामनवमी महासमिति व अखाड़ाधारियों ने ली शपथ
हजारीबाग : रामनवमी महासमिति व अखाड़ाधारियों ने सूचना भवन में जिला प्रशासन के साथ नशामुक्त रामनवमी मनाने की शपथ ली. बुधवार को जिला प्रशासन ने अखाड़ाधारियों, पूर्व रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष सहित कई प्रबुद्ध लोगों के साथ बैठक की. बैठक की अध्यक्षता डीसी रविशंकर शुक्ला ने की. निर्णय लिया गया कि रामनवमी आपसी भाईचारा, बंधुत्व, सामाजिक सौहार्द्र व सदभावना के साथ विवाद रहित व नशामुक्त मनायी जायेगी. बैठक में एसपी अनुप बिरथरे, एसडीओ शशि रंजन, सहायक समाहर्ता रामनिवास यादव, कार्यपालक दंडाधिकारी कुमुद कुमार झा सहित पुलिस उपाधीक्षक आदि मौजूद थे.
आये सुझाव : छुटे हुए जगहों पर बैरियर लगाने, पानी, सफाई, चिकित्सा, सड़क मरम्मत, जुलूस बढ़ाने के दौरान जोर-जबरदस्ती नहीं करने, बंशीलाल चौक, जादो बाबू चौक, नमस्कार चौक, खिरगांव कब्रिस्तान रोड पर पुलिस की तैनाती बढ़ाने, बहिमर चौक पर पेयजल की व्यवस्था करने व सुरक्षा बल देने, बड़ा बजार चौक से बड़मबाजार सड़क की मरम्मत, कदमा सरकारी स्कूल से रामनगर तक पुलिस बल की तैनाती बढ़ाने की मांग की. इस पर उपायुक्त ने त्वरित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया. रामनवमी महासमिति के अध्यक्ष सुधीर यादव, मंजीत यादव, राजकुमार यादव, राजकुमार लाल, विजय वर्मा सहित दर्जनों लोगों ने सुझाव दिये.
डीसी रविशंकर शुक्ला ने कहा कि हम-आप अलग-अलग नहीं सभी एक साथ हैं. हमारी संस्कृति एक है. रामनवमी को हम हर्षोल्लास के साथ मनायेंगे. इसमें सभी का सहयोग चाहिए. डीसी ने उत्पाद विभाग का नंबर 9430742366 जारी करते हुए कहा कि शराब से संबंधित कोई भी सूचना इस नंबर पर दें, त्वरित कार्रवाई होगी.
एसपी अनुप बिरथरे ने कहा कि रामनवमी आपसी भाईचारा, सौहार्द्र व सद्भावना के साथ मनायें. पुलिस प्रशासन आपके साथ है. लोगों की सुरक्षा के लिए 80 सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं.
