हजारीबाग. विनोबाभावे विश्वविद्यालय में संबंधन समिति की बैठक कुलपति प्रो गुरदीप सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई. इसमें कॉलेजों को नव संबंधन देने समेत स्थायी संबंधन व संबंधन दीर्घीकरण देने का निर्णय लिया गया. बैठक में कहा गया कि विभावि में एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार का पाठ्यक्रम शुरू होगा.वहीं विनोद बिहारी महतो कॉलेज बलियापुर, धनबाद को स्थायी संबंधन मिला
.
इसमें भौतिकी, गणित, रसायन शास्त्र, बॉटनी, ज्योलॉजी विषय एवं कला में गृह विज्ञान, भूगोल, कुरमाली विषय का सामान्य एवं प्रतिष्ठा पाठयक्रम शामिल हैं. झब्बू सिंह मेमोरियल कॉलेज फुसरो, बेरमो को दो सत्रों के लिए संबंधन मिला. इसमें वाणिज्य संकाय के सभी विषय शामिल हैं. चित्तरपुर कॉलेज को आर्ट्स में सत्र 2017-20 के लिए स्थायी संबंधन एवं कॉमर्स के सभी विषयों के लिए सत्र 2017-20 एवं 2018-21 के लिए नव संबंधन देने का निर्णय लिया गया. इंदिरा गांधी श्रमिक कॉलेज मांडू को आर्टस में 14 विषयों में सामान्य एवं ऑनर्स विषय के लिए स्थायी संबंधन दिया गया. इसमें हिंदी, अंगरेजी, उर्दू, गणित, इतिहास, राजनीति शास्त्र, दर्शन शास्त्र, मनोविज्ञान, अर्थशास्त्र, मानव शास्त्र, गृह विज्ञान, भूगोल एवं संस्कृत विषय शामिल हैं. एनपी संध्या कालीन स्नातक कॉलेज चिरा, चास बोकारो को कला संकाय में सामान्य एवं ऑनर्स स्तर के लिए 2017-20 से दो सत्रों के लिए नव संबंधन दिया गया. रामगोविंद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी कोडरमा को बीटेक सत्र 2016-17 का संबंधन दीर्घीकरण दिया गया. गुरुगोविंद सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस चास बोकारो को बीटेक में सत्र 2016-17 का संबंधन दीर्घीकरण मिला.
