सीएम प्रस्ताव वापस लें, नहीं तो आंदोलन

हजारीबाग : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय हजारीबाग को रांची स्थानांतरित करने के प्रस्ताव, नगर निगम द्वारा होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी और दो छात्राओं की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले को लेकर विपक्षी दलों ने मंगलवार को धरना दिया. समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना की अध्यक्षता सीपीएम के जिला सचिव गणेश कुमार सीटू और संचालन जदयू […]

हजारीबाग : उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल मुख्यालय हजारीबाग को रांची स्थानांतरित करने के प्रस्ताव, नगर निगम द्वारा होल्डिंग टैक्स बढ़ोतरी और दो छात्राओं की दुष्कर्म के बाद हत्या मामले को लेकर विपक्षी दलों ने मंगलवार को धरना दिया. समाहरणालय के समक्ष एक दिवसीय धरना की अध्यक्षता सीपीएम के जिला सचिव गणेश कुमार सीटू और संचालन जदयू जिला अध्यक्ष चंद्रमोहन पटेल ने किया. सर्वदलीय धरना के माध्यम से झारखंड सरकार के कार्मिक विभाग द्वारा उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल हजारीबाग को हटाने का प्रस्ताव तैयार करने का विरोध किया गया. कार्मिक विभाग के प्रस्ताव पर भू-राजस्व विभाग झारखंड सरकार से आगे कोई कार्य नहीं करने की मांग की गयी. मुख्यमंत्री रघुवर दास से मांग की गयी कि ऐसे प्रस्ताव को वापस लेने की घोषणा करें. पूर्व सांसद भुवनेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि सिर्फ उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल को हजारीबाग से स्थानांतरित करने का मामला नहीं है.
प्रमंडल के बाद क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय, क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक, क्षेत्रीय उपनिदेशक कल्याण, क्षेत्रीय उपनिदेशक आपूर्ति सहित कई कार्यालय हजारीबाग से रांची चला जायेगा. हजारीबाग जिला का पांच बार बंटवारा हुआ है. सरकार अब निर्णय ले इससे पहले हजारीबाग प्रमंडल के अंतर्गत सभी जिलों के लोग आंदोलन के माध्यम से विरोध दर्ज करेंगे. जदयू नेता बटेश्वर प्रसाद मेहता ने कहा कि हजारीबाग से पहले भी कई कार्यालय राज्य से बाहर स्थानांतरित हो गये हैं.
हजारीबाग के महत्व को समझते हुए अंग्रेजों ने भारत की राजधानी हजारीबाग को बनाने का निर्णय लिया था. आज उस शहर को झारखंड सरकार बरबाद करने पर आमादा है. राजद नेता अर्जुन यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास को बयान जारी कर ऐसे प्रस्ताव को वापस लेने की घोषणा करनी चाहिये. उन्होंने कहा कि हजारीबाग के लोग दर्जनों बार ठगे गये हैं. कोडरमा, चतरा,रामगढ़ जिला बनने के बाद हमलोगों के पास कोई आंदोलन का रास्ता नहीं बचा था. इस बार सरकार ने प्रमंडल को हटाने का प्रस्ताव तैयार किया है. अभी से ही आंदोलन करके इस प्रस्ताव को रद्द कराना है.
पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष विजय यादव, झाविमो के चंद्रनाथ भाई पटेल, सीपीआइ के शंभु कुमार, रजी अहमद, कांग्रेस नेता संजय तिवारी, खतियानी परिवार के मो हकीम, बाबू भाई विद्रोही, मासस नेता लालमन कुशवाहा, पुरुषोत्तम राम, फारवर्ड ब्लॉक के रामेश्वर राम कुशवाहा, झापिपा के जिला अध्यक्ष श्यामदेव मेहता, मो अशरफ, झामुमो के निसार अहमद, संजय गुप्ता समेत कई नेताओं ने कहा कि पिछले 43 वर्षों से हजारीबाग में प्रमंडलीय मुख्यालय है.
इसे हटाने से हजारीबाग का आर्थिक नुकसान होगा. चतरा, कोडरमा,रामगढ़, गिरिडीह,धनबाद, बोकारो के लोगों की भी परेशानी बढ़ेगी. हजारीबाग का व्यवसाय ठप होगा. धरना में प्रकाश मेहता, इम्तियाज अहमद, मंजू गौतम, विपिन कुमार सिन्हा, गुलाब साव, अजीत कुमार, मनोहर राम, अर्जुन मेहता, संजु मेहता, महमूद अख्तर अंसारी, बैजनाथ राणा समेत कई लोग शामिल हुए.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >