विष्णुगढ़ : विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के जमुनिया नदी के किनारे पिकनिक मनाने के क्रम में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की घटना को लेकर दोनों पक्षों ने विष्णुगढ़ थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने इस सिलसिले में जितेंद्र कुमार मंडल को गिरफ्तार कर हजारीबाग जेल भेज दिया है. प्रथम पक्ष के धनेश्वरी देवी (पति रूपलाल सिंह ग्राम अलपीटो) के ब्यान पर दर्ज मामले में कहा गया है कि वह लोग सपरिवार पिकनिक मनाने जमुनिया नदी के किनारे गये थे. रविवार 2.30 बजे नावाडीह के दस बारह लड़के सामने आकार अश्लील बातें करने लगे. मना करने पर उनलोगों ने गाली-गलौज कर मारपीट की. इसमें उनका बेटा संजय सिंह को माथे में चोट लगी और घायल हो गया. इस मामले को लेकर जितेंद्र कुमार एवं अशोक यादव को नामजद एवं अन्य दस अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.
दूसरे पक्ष के जितेंद्र कुमार मंडल (पिता गुडल मंडल ग्राम नावाडीह) के ब्यान पर दर्ज मामले में उन्होंने कहा कि हम लोग जमुनिया नदी पर पिकनिक मनाने गये थे. इसी क्रम में संजय सिंह, किशुन यादव, पप्पू सिंह ने आकर खाना फेंक दिया और मारपीट किया. साथ ही 2200 रुपये छीन लिए. देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गयी. इस मामले को लेकर तीन लोगों को नामजद एवं दस अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है.
