50 लाख की मांगी थी फिरौती

हजारीबाग : कोलकत्ता स्थित पुरुषोत्तम होम्यो लेबोरेटरी के एमडी सुदीप्तो मुखर्जी को हजारीबाग पुलिस ने गुरुवार की देर रात अपराधियों के चंगुल से मुक्त करा लिया. अपहृत सुदीप्तो को रांची के ओरमांझी स्थित चकला में भोला पांडेय के घर में रखा गया था. पुलिस ने मौके से ही तीन अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया […]

हजारीबाग : कोलकत्ता स्थित पुरुषोत्तम होम्यो लेबोरेटरी के एमडी सुदीप्तो मुखर्जी को हजारीबाग पुलिस ने गुरुवार की देर रात अपराधियों के चंगुल से मुक्त करा लिया. अपहृत सुदीप्तो को रांची के ओरमांझी स्थित चकला में भोला पांडेय के घर में रखा गया था. पुलिस ने मौके से ही तीन अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये अपराधियों में बिहार के जमुई निवासी चंदन कुमार साव, मुंगेर के हवेली खड़गपुर के वैजनपुर निवासी कुंदन कुमार मंडल व भोला पांडेय के पुत्र राजू पांडेय हैं.
पुलिस ने तीनों अपराधियों को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब रात में अपहृत सुदीप्तो को बीच में सुला कर सभी अगल-बगल में सो रहे थे. पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना अनूप तिवारी और गोपाल तिवारी समेत पांच अपराधी फरार हैं. पुलिस सभी अपराधियों की तलाश कर रही है. पुलिस के अनुसार एमडी सुदीप्तो मुखर्जी को अगवा करने के बाद परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती अपहरणकर्ताओं ने मांगी थी. ज्ञात हो कि गत 27 दिसंबर की रात चौपारण स्थित प्रतापगढ़ सिंह ढाबा से अपराधियों ने सुदीप्तो का अपहरण कर लिया था.
बिहार में मिल रहा था लोकेशन: एसपी भीमसेन टुटी ने बताया कि सुदीप्तो मुखर्जी के मोबाइल से उसके परिजनों को फोन था. फोन से अपराधियों ने परिजनों से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. एसपी ने बताया कि उक्त नंबर को खंगाला गया, तो लोकेशन बिहार मिला. एसपी के अनुसार पुलिस अन्य अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
हथियार के बल पर बैठाया था बोलेरो में
एमडी सुदीप्तो मुखर्जी और जीएम त्रिनाथ चटर्जी स्कॉरर्पियो वाहन से बनारस जा रहे थे. इसी बीच वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इसके बाद दोनो जीटी रोड पर स्थित चौपरण के उत्तरप्रदेश प्रतापगढ़ सिंह ढाबा में रुके. दोनों ने जहानाबाद से दूसरे वाहन को मंगवाया. वाहन देर से पहुंचा. इसी बीच दो अपहरणकर्ता एमडी और जीएम से मिले और खुद को अधिकारी कह कर बात करने लगा. दोनों ने एमडी ओर जीएम को शराब पीने का अॉफर दिया.
इसके बाद त्रिनाथ चटर्जी शराब पीने लगे, जबकि एमडी ने शराब नहीं पी. वह सिगरेट पीने के लिए होटल के कुछ दूरी पर एक गुमटी जाने लगे. इसी बीच अपराधियों ने कुछ साथियों को बुलाया. उसके बाद गुमटी के पास ही बोलेरो में हथियार के बल पर बैठा लिया और वहां से निकल गये. छापेमारी में मुख्य रूप से चौपारण थाना प्रभारी सुदामा कुमार और बरही इंसपेक्टर अवधेश सिंह समेत कई पुलिस पदाधिकारी शामिल थे. इधर, घटना के बाद सुदीप्तो के परिजनों ने राहत की सांस ली है. पुलिस के अनुसार घटना को अंजाम पेशेवर अपराधियों ने दिया था. पुलिस अपहरण के बाद से ही सतर्क थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >