हजारीबाग : चमकता चुरचू के तहत सरकार की ओर से शौचालय निर्माण को लेकर अभियान चलाया गया था, लेकिन छह माह में ही प्रखंड में बने शौचालयों का टूटना शुरू हो गया. जिला प्रशासन ने प्रखंड को इसी वर्ष खुले में शौच से मुक्त करने की घोषणा की थी. प्रशासन का दावा है कि इस प्रखंड के सभी घरों में शौचालय है और ग्रामीण उसका उपयोग कर रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और बयां कर रही है.
छह माह में ही खास्ता शौचालय के कारण सरकारी दावे व्यर्थ साबित हो रहे हैं. चुरचू प्रखंड कार्यालय से मात्र दो किमी स्थित बोदरा में शौचालय की दीवार छह माह में ही गिर गयी. यह शौचालय चुरचू आंगो रोड के किनारे स्थित है.
शौचालय में नहीं डाली पाइप: ग्रामीण सुनीता मुर्मू ने बताया कि उनके यहां ठेकेदार ने शौचालय का निर्माण किया था. शौचालय तो बना दिया, लेकिन पैन और टंकी के बीच में पाइप नहीं डाली गयी. इस कारण शौचालय का उपयोग नहीं हो पाया. अब तो शौचालय का टूटना शुरू हो गया है.
डीसी से की जायेगी शिकायत: उप-प्रमुख चौलेश्वर महतो ने कहा कि शौचालय बनानेवाले ठेकेदार की शिकायत डीसी से की जायेगी. गांववालों को खुले में शौच नहीं करने की सलाह दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि घटिया शौचालय निर्माण की जांच की मांग की जायेगी.
