हजारीबाग : सांस्कृतिक कार्य निदेशालय, झारखंड सरकार की ओर से 29 दिसंबर को नगर भवन में प्रमंडलीय स्तर पर लोकगीत एवं लोकनृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. उदघाटन निदेशालय के सहायक निदेशक विजय पासवान ने दीप जला कर किया. प्रतियोगिता के चयनित प्रतिभागी कलाकार एक से 15 फरवरी तक हरियाणा में आयोजित सूर्यकुंड मेले में झारखंडी कला, संस्कृति एवं गीत-नृत्य प्रस्तुत करेंगे.
सांस्कृतिक प्रतियोगिता में हजारीबाग, रामगढ़, चतरा, बोकारो, धनबाद की संस्थाओं में सम्राट, कला निकेतन, प्रतिबिंब, सामाजिक अंकेक्षण संरक्षण समिति, झारखंड सांस्कृतिक कला मंच के कलाकारों ने छऊ नृत्य समेत झारखंडी नृत्य एवं भ्रूण हत्या पर कार्यक्रम प्रस्तुत किया. निर्णायक मंडली में सौरभ दुबे, मयूरी तलवार, अपूर्वा बरडियार, रिश्वि, डॉ प्रह्लाद सिंह, नरेश राम गुप्ता व अभिमन्यु कुमार बबलु शामिल थे. संयोजक वरिष्ठ रंगकर्मी राकेश कुमार सिन्हा थे. संचालन चांदनी झा ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में अमित कुमार गुप्ता, रवि कुमार गुप्ता, अमिताभ श्रीवास्तव, राहुल, बादल, चंदन, आर्यन, खीरोधर तिवारी, शालिनी दुबे, श्रेया दुबे एवं भोला शंकर समेत संस्थाओं के सदस्यों ने सहयोग किया.
