बडकागांव. बड़कागांव प्रखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण बीडीओ अलका कुमारी ने किया. निरीक्षण के दौरान वार्डेन संघमित्रा कुमारी अनुपस्थित पायी गयीं. इस दौरान हॉस्टल में 351 बच्चियां उपस्थित और 15 बच्चियां अनुपस्थित थीं. निरीक्षण में पाया गया कि रात्रि में सिर्फ नाइट गार्ड के भरोसे कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चल रहा है. बीडीओ को बताया गया कि बच्चियों के बीच जली हुई रोटियां परोसी जाती है. बीडीओ रात 8.10 बजे स्कूल पहुंचीं और रात 11 बजे तक उन्होंने निरीक्षण किया.
निरीक्षण के दौरान बच्चियों के लिए बननेवाले भोजन में गुणवत्ता की कमी देखी गयी. बच्चियों ने बताया कि दूध के नाम पर सिर्फ उन्हें पानी मिला दूध ही नसीब होता है. निरीक्षण के दौरान सांढ पंचायत के पंचायत समिति सदस्य बासमती देवी व समाजसेवी गिनी बर्मा भी शामिल थी. मौके पर जिप सदस्य टिकेश्वर प्रसाद, सांढ पंचायत मुखिया भीखन महतो, हरली पंचायत समिति सदस्य उपेंद्र कुमार विद्यालय परिसर पहुंचे थे.
