हजारीबाग : 500 और 1000 रुपये के नोट पर पाबंदी लगने के बाद विद्युत विभाग हजारीबाग ने रिकार्ड बिजली की वसूली की है. 24 नवंबर तक विभाग ने 3.72 करोड़ राजस्व की वसूली की है. विभाग ने बकाया बिल वसूलने के लिये उपभोक्ताओं को कई सुविधा उपलब्ध करायी है. 30 नवंबर तक सात करोड रुपया वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
नोटबंदी के बाद उपभोक्ताओं ने दिखायी दरियादिली: आठ नवंबर को सरकार ने पुराने नोटों पर पाबंदी लगायी थी. उसके बाद बिजली विभाग ने पुराने नोट से भी बिजली बिल जमा करने की घोषणा की थी. उपभोक्ताओं ने मौके का फायदा उठाते हुए बकाया बिजली बिल का भुगतान किया. 24 नवंबर तक विभाग में 3.72 करोड़ 10 हजार रुपया उपभोक्ताओं ने जमा किया, जबकि अक्तूबर माह में इस तिथि तक उपभोक्ताओं ने 1.99 करोड़ 27 हजार रुपया ही जमा किया था. नोटबंदी की घोषणा के प्रत्येक दिन उपभोक्ताओं ने करीब 22 लाख रुपया जमा किया.
ग्रामीण उपभोक्ताओं ने भी दिखायी रुचि: हजारीबाग जिले में करीब सवा लाख बिजली उपभोक्ता हैं.
इनमें 30 से 40 प्रतिशत उपभोक्ता ही नियमित बिजली बिल जमा करते हैं. 24 नवंबर तक हजारीबाग शहरी क्षेत्र में 2.18 करोड़ रुपया बिजली बिल जमा किया गया. बरही सब डिवीजन के अंतर्गत कटकमसांडी, इचाक, कटकमदाग के बिजली उपभोक्ताओं ने 51 लाख, हजारीबाग सदर,दारू, टाटीझरिया, बिष्णुगढ़, केरेडारी, बड़कागांव के बिजली उपभोक्ताओं ने 93.62 लाख, चौपारण, बरकट्ठा, चलकुशा, पदमा, बरही के बिजली उपभोक्ताओं ने 25 लाख रुपया बिजली बिल जमा किया है.
