इचाक : बैंक ऑफ इंडिया के मंगुरा शाखा में अपराधियों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. अपराधी इस दौरान दो सीपीयू ले गये. वहीं लॉकर तोड़ने का असफल प्रयास किया. इस दौरान चोरों ने बैंक के सभी इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम को तहस-नहस कर दिया. नेट कनेक्शन व सीसीटीवी कैमरे के कनेक्शन को भी क्षति पहुंचायी. लॉकर नहीं तोड़ पाने के कारण चोरों के हाथ राशि नहीं लग पायी. ज्ञात हो कि पिछले वर्ष भी नवंबर माह में अपराधी वेंटीलेटर तोड़ अंदर घुसे थे और दो सीपीयू की चोरी कर ली थी. दूसरी बार चोरी की घटना होने से बैंक की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.
जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पहले मेन चैनल गेट पर लगे दो ताले को कटर से काटा.उसके बाद गैस कटर से दूसरे मेन गेट पर लगे शट्टर को काट कर अंदर घुसे. घटना के दौरान बैंक में लगा सायरन बज पाया या नहीं, इसे किसी ने नहीं सुनी. सुबह जब बैंक का स्टॉफ परमानंद पांडेय वहां पहुंचा, तब उसने शटर कटा हुआ देखा. इसकी सूचना दूरभाष से शाखा प्रबंधक मिस्बाहुल हक को दी. बाद में घटना की जानकारी इचाक थाना पुलिस को दी गयी.
सूचना पाकर डीएसपी दिनेश कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी सुरेश राम, शाखा प्रबंधक व बैंक कर्मी पुलिस बल के साथ पहुंचे. इस दौरान डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंची. हालांकि अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिल पाया. डीएसपी दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है. सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाला जायेगा.
