हजारीबाग : विपक्षी दल 23 नवंबर को विधानसभा का घेराव करेंगे. घेराव कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राजद जिलाध्यक्ष भुवनेश्वर पटेल ने विष्णुगढ प्रखंड के दर्जनों गांवों का दौरा किया.
उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि 1908 का सीएनटी और एसपीटी एक्ट आदिवासियों एवं मूलवासियों की जमीन, संस्कृति और पहचान की सुरक्षा का मूल आधार है. सरकार आदिवासी और मूलवासी के इस आधार को पूंजीपतियों और कॉरपोरेट घरानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से संशोधन करना चाहती है. इसका हर स्तर पर विरोध किया जायेगा. श्री पटेल ने कहा कि सरकार पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए दमन, शोषण और और गोली का सहारा ले रही है.
झारखंड सरकार गैर मजरुवा जमीन की जांच करने व लैंड बैंक बनाने के नाम पर गरीब रैयतों को उजाड़ रही है. झारखंड को पूंजीपतियों का बाजार बनाना चाहती है. राजद इसका विरोध करेगा. दौरे में राजद प्रखंड अध्यक्ष टेकलाल महतो, जिला उपाध्यक्ष मुमताज आलम, नूर मोहम्मद अंसारी, पंसस छोटी शर्मा, केशु महतो, उदय महतो, हीरामन महतो, जुमन अंसारी, खिरोधर महतो, किशोर महतो व देवी राम मुर्मू सहित अन्य शामिल थे.
