हजारीबाग. जिले में औसत से अधिक बारिश होने के बाद भी शहरवासियों को चार दिनों से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है. शहर में छह लाख गैलन पानी की आपूर्ति छड़वा डैम से होती है. शहरी आबादी को पानी मुहैया कराने के लिए शहर में छह जलमीनार हैं. इन जलमीनारों में छड़वा डैम से पानी आपूर्ति होती है. शहर के तीन जलमीनार न्यू एरिया, खिरगांव, संत कोलंबस में छड़वा डैम से पानी नहीं आ रहा है. शेष तीन जलमीनार से शहर में पानी आपूर्ति की जा रही है. इस कारण शहर के आधे से अधिक आबादी को पानी नहीं मिल रहा है.
छड़वा डैम का मोटर जला : शहर को पानी आपूर्ति करने के लिए छड़वा डैम में संयंत्र लगा है. यहां लगे 100-100 एचपी के आठ मोटरों में से पांच मोटर खराब पड़ा है. जिन मोटरों से न्यू एरिया, खिरगांव एवं संत कोलंबस जलमीनार को जलापूर्ति की जाती थी, वह मोटर पिछले चार दिनों से जला हुआ है. इस कारण पानी की सप्लाई बंद है. केवल तीन मोटर चल रहा है. इससे नवाबगंज, बस स्टैंड, कोर्रा जलमीनार को ही पानी मिल रहा है.
