बरकट्ठा. ग्राम गोरहर निवासी प्रवासी मजदूर मुकेश कुमार महतो की तमिलनाडु में करंट लगने से हुई मौत के बाद जनदबाव व लगातार प्रयासों के बाद संबंधित कंपनी द्वारा 21 लाख 60 हजार रुपये की मुआवजा राशि मृतक की पत्नी के खाते में भेजी गयी है. इस पूरे मामले में झारखंड राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष सह पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव की अहम भूमिका रही. उन्होंने लगातार कंपनी से वार्ता की, जनसमर्थन जुटाया और जरूरत पड़ने पर आंदोलन की रणनीति अपनाते हुए कंपनी पर दबाव बनाया. उनके प्रयासों से ही यह मामला अंजाम तक पहुंच सका. अभियान में झामुमो केंद्रीय सदस्य बासुदेव महतो, समाजसेवी दर्शन सोनी, मनहोर महतो, अर्जुन महतो, महेंद्र महतो, कपिलदेव महतो, विष्णुगढ़ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष कपिल देव चौधरी समेत अन्य लोगों ने सक्रिय भूमिका निभायी. गिरिडीह से लेकर तमिलनाडु तक समन्वय स्थापित कर कंपनी से लगातार संपर्क किया गया, जिसके बाद अंततः कंपनी को मुआवजा देने पर सहमत होना पड़ा. वहीं गोरहर थाना प्रभारी नीतीश कुमार सिंह का भी इस पूरी प्रक्रिया में सराहनीय योगदान रहा. उन्होंने प्रशासनिक स्तर पर समन्वय बनाते हुए शव को गांव लाने और कागजी प्रक्रिया पूरी कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
मृत प्रवासी मजदूर के परिजनों को 21.60 लाख मुआवजा राशि
पूर्व विधायक जानकी प्रसाद यादव ने कंपनी से वार्ता कर दिलायी राशि
