हजारीबाग : मैट्रिक और इंटर-2016 के परीक्षा में बेहतर रिजल्ट देनेवाले जिले भर के 400 शिक्षक-शिक्षिकाओं को शुक्रवार को सम्मानित किया गया. डीसी रविशंकर शुक्ला ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को मेमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. जिला स्कूल के सामने प्राथमिक शिक्षा महाविद्यालय में कार्यक्रम का आयोजन हुआ.
डीसी ने कहा कि शिक्षकों ने बेहतर रिजल्ट देकर जिले का नाम राज्य में रौशन किया है. शिक्षक सरकारी विद्यालयों में पढ़नेवाले बच्चों का भविष्य संवारने का काम करें. आरडीडीइ रतन कुमार सिंह ने शिक्षकों को उत्तर पुस्तिका के मूल्यांकन में सावधानी बरतने की सलाह दी. कहा कि विद्यालय में साप्ताहिक एवं मासिक परीक्षा ली जाये. कार्यक्रम में डीइओ सरिता दादेल, डीएसइ इंदुभूषण सिंह, अनुमंडल शिक्षा पदाधिकारी सुरेश चंद्र घोष शिक्षा विभाग के कर्मी समेत बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे. कार्यक्रम का संचालन रवींद्र कुमार ने किया.
