क्या इस हाल में होगा खेल और खिलाड़ियों का विकास
हजारीबाग : सुब्रतो मुखर्जी कप अंडर 17 के खिलाडियों को बुधवार को कर्जन ग्राउंड में अभ्यास करने का मौका नहीं मिला. जिला प्रशासन की ओर से मैदान पर बने गोलपोस्ट को हटा दिया गया है.
ऐसा इसलिए क्योंकि मैदान का इस्तेमाल सरकारी कार्यक्रम के लिए होना है. प्रशासन की ओर से गोलपोस्ट हटा दिये जाने के कारण खिलाड़ी बुधवार को प्रैक्टिस नहीं कर पाये, जबकि 25 सितंबर को खिलाड़ियों को दिल्ली में आयोजित होनेवाली राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है. सनद रहे कि हजारीबाग की टीम इस वर्ष झारखंड फुटबॉल में चैंपियन बनी है. टीम को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी का अवसर मिला है.
एक तरफ देश और राज्यों में खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री की ओर प्रयास हो रहा है, लेकिन इन खिलाड़ियों के साथ इस तरह का व्यवहार देश में खेल की स्थिति की सच्चाई बयां करती है.
ईस्ट जोन के एथलीट भी नहीं कर पाये अभ्यास: हजारीबाग स्टेडियम बालिका प्रशिक्षण केंद्र के तीन बालिका खिलाडी अनुकंपा रूंडा, रजिया परवीन ओर पुतुल कुमारी का चयन ईस्ट जोन एथलेटिक प्रतियोगिता के लिए हुआ है. यह खेल असम के गुवाहाटी में 10 सितंबर से शुरू होगा. ये खिलाडी मैदान में कीचड़ होने के कारण अभ्यास नहीं कर पाये. फुटबाल कोच निधि, सचिव बीरेंद्र कुमार एंव जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाडियों को गुवाहाटी के लिए रवाना किया.
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम: दस सितंबर को हजारीबाग स्टेडियम में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय है. इसकी तैयारी को लेकर जिला प्रशासन स्टेडियम को कब्जे में ले लिया है. खिलाड़ियों के अभ्यास पर रोक लगा दी गयी है. अब खिलाड़ी इस बात को लेकर मायूस हैं कि वह अब कैसे प्रतियोगिता में अच्छा प्रदर्शन कर पायेंगे.
एथलेटिक्स प्रतियोगिता स्थगित
नौ और 10 सितंबर को हजारीबाग स्टेडियम में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन होना था. चूंकि 10 सितंबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम इस स्टेडियम में है, इसलिए 10 सितंबर को खेलकूद प्रतियोगिता स्थगित कर दी गयी है. प्रतियोगिता में जिला भर के सभी स्कूलों, कॉलेजों एवं संस्थानों के हजारों खिलाड़ी भाग लेनेवाले थे. प्रतियोगिता मे दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद,भाला फेंक, डिस्कस थ्रो के स्पर्धा होने थे. अब प्रतियोगिता की तिथि बाद में घोषित की जायेगी.
जिला प्रशासन जिम्मेवार : वीरेंद्र कुमार
एथलेटिक्स एसोसिएशन के सचिव वीरेंद्र कुमार ने मैदान की खराब स्थिति पर जिला प्रशासन को जिम्मेवार ठहराया है. कहा कि प्रशासनिक एवं राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए मैदान का इस्तेमाल किया जा रहा है.
उपेक्षित महसूस कर रहे हैं खिलाड़ी : निधि
कोच निधि ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के लिए शहर में कई स्थान उपलब्ध हैं. कर्जन मैदान को छोड़ दूसरे मैदानों में कार्यक्रम हो, तो खिलाड़ी बाहर की प्रतियोगिताओ में अच्छा प्रदर्शन कर हजारीबाग का नाम रोशन कर पायेंगे. खिलाड़ी खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं.
25 सितंबर को खिलाड़ियों को दिल्ली में आयोजित होनेवाली राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हिस्सा लेना है, लेकिन नहीं कर पा रहे हैं प्रैक्टिसनौ और 10 सितंबर को हजारीबाग स्टेडियम में जिला स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन होना था. कार्यक्रम को ही कर देना पड़ा स्थगित
