हजारीबाग : हजारीबाग में सदर थाना गली स्थित 12 दुकानों में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी. घटना गुरुवार रात दो बजे की है. घटना में दो दुकान स्मार्ट इलेक्ट्रानिक एंड इलेक्टिकल और न्यू रीगल स्मार्ट मोबाइल दुकान जल कर राख हो गयी. अन्य 10 दुकानें जलने से बच गयी.
स्मार्ट इलेक्ट्राॅनिक के मालिक मो नदी अख्तर ने बताया कि घटना में 16.80 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. स्मार्ट मोबाइल के मालिक मो फिरोज आलम ने बताया कि 6.65 लाख रुपये का सामान खाक हो गया है.
शरारती तत्वों का हाथ : थाना गली में 21 दुकानों का कांप्लेक्स है. जांच के क्रम में पाया गया कि सभी दुकानों के शटर के अंदर पेट्रोल से भीगा कर बोरा घुसाया गया. इसके बाद एक मशाल बना कर 12 दुकानों में आग लगाने की कोशिश की गयी. इनमें दो दुकान पूरी तरह जल गये. तीन दुकानों में शटर के बाहर तक आग लगी. एसपी भीमसेन टूटी ने बताया कि घटना को शरारती तत्वों ने अंजाम दिया गया है. शहर को अशांत करने का प्रयास किया गया है.
इसे बरदाश्त नहीं किया जायेगा. मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. डीसी रविशंकर शुक्ल ने बताया कि पूरी रिपोर्ट सरकार को भेजी गयी है. सरकारी प्रावधान के तहत शीघ्र मुआवजा दिया जायेगा. मामले को लेकर पीड़ित दुकानदारों ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है. इसमें कहा गया है कि साजिश के तहत दुकानों को जलाया गया. मुआवजा नहीं दिया गया, तो पीड़ित परिवार आत्महत्या करने को मजबूर होगा. सात दुकानों का शटर जला है.
