जनगणना प्रशिक्षण में अव्यवस्था, शिक्षकों का आक्रोश

शिक्षक संघ ने जतायी नाराजगी, सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

कटकमसांडी. प्रखंड मुख्यालय स्थित जनगणना प्रशिक्षण केंद्र में सोमवार को अव्यवस्था देख प्रशिक्षण में भाग लेने पहुंचे दर्जनों शिक्षक आक्रोशित हो गये. प्रभारी प्रखंड जोनल पदाधिकारी रामचंद्र यादव पर व्यवस्थाओं को संभालने में असफल होने का आरोप लगाया. शिक्षकों का कहना था कि अव्यवस्थित प्रबंधन के कारण कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा. सबसे अधिक नाराजगी भोजन व्यवस्था को लेकर दिखी. प्रशिक्षण केंद्र पर समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण कई शिक्षकों को इधर-उधर बैठकर खाना पड़ा. कई शिक्षक खुले में, तो कुछ सीढ़ियों पर खड़े होकर भोजन करने को मजबूर दिखे. इस अव्यवस्था पर शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष चंदन कुमार मेहता ने नाराजगी जतायी है. उन्होंने कहा कि शिक्षकों को इस तरह अव्यवस्थित माहौल में प्रशिक्षण देना और उनके भोजन तक की समुचित व्यवस्था नहीं करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. यह प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो संघ इस मुद्दे को गंभीरता से उठायेगी. प्रशिक्षण में शामिल कई शिक्षकों ने बताया कि उन्हें सुबह से ही बैठने की उचित व्यवस्था नहीं मिल सकी. वहीं भोजन के समय भी भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ा. इस तरह के माहौल में प्रशिक्षण की गुणवत्ता भी प्रभावित होती है. जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य के लिए प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है, तो उसकी तैयारी और प्रबंधन में इतनी लापरवाही क्यों बरती गयी? इस बाबत प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी रामचंद्र यादव ने कहा कि प्रशिक्षण में व्यवस्था देना बीडीओ का काम है. हम तो केवल सहयोगी के तौर पर काम कर रहे हैं. व्यवस्था देना मेरे क्षेत्राधिकार में नहीं है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUNIL PRASAD

SUNIL PRASAD is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >