हजारीबाग : छड़वा डैम मुहर्रम मैदान में 24 अक्तूबर को घटी घटना की जांच पांच सदस्यीय दंडाधिकारी कर रहे हैं. जांच दल रिपोर्ट 28 अक्तूबर को सौंपेगा. उपरोक्त जानकारी डीसी मुकेश कुमार व एसपी अखिलेश झा ने संयुक्त रूप से पत्रकार सम्मेलन कर दी. डीसी ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई होगी.
दो थाना प्रभारी हटे
एसपी ने बताया कि लोहसिंघना टीओपी प्रभारी साबीर अंसारी और पेलावल ओपी प्रभारी नवल किशोर सिंह को हटा दिया गया है. दोनों थाना मेंनये पुलिस पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किये गये हैं.
शहर में शांति बहाल
डीसी व एसपी ने कहा कि छड़वा मैदान की घटना के बाद कोई दूसरी बड़ी घटना नहीं हुई है. शहर में सोमवार को दुकाने खुली. सदभावना मार्च विभिन्न संगठनों की ओर से निकाला गया. गांव-गांव में शांति समिति की बैठक हो रही है.
अफवाह पर ध्यान नहीं दे
डीसी ने कहा कि हर घंटे नयी-नयी अफवाह सामने आ रही है. सभी लोग अफवाहों को रोकने में मदद करें. 22 स्थानों पर पुलिस व दंडाधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया है. सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम है. पांच डीएसपी स्तर के अधिकारी रात भर पेट्रोलिंग टीम में शामिल हो रहे हैं.
32 मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग टीम भी विभिन्न गांवों के अंदर रात भर पेट्रोलिंग करेंगे. दोषियों पर कार्रवाई के लिए छापामारी व गिरफ्तारी अभियान जारी है. 35 स्थानों पर छापामारी कर 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. सीसीटीवी कैमरा से कई दोषियों को चिह्नित भी किया जा रहा है. विशाल मेगा मार्ट, एक्सिस बैंक का एटीएम और कई शो रूम के सीसीटीवी कैमरे में कई लोग आये हैं. इन पर भी कार्रवाई होगी.
काजी मुहल्ला में शांति समिति की बैठक
काजी मुहल्ला वार्ड नंबर 11 में दोनों समुदाय के गणमान्य लोगों ने शांति समिति की बैठक सोमवार को की. अध्यक्षता वार्ड पार्षद दीप रंजन ने की. वार्ड पार्षद ने लोगों से अपील किया कि वार्ड के लोग भाईचारगी व सौहार्द्रपूर्ण वातावरण में रहें. वार्ड के लोग आफवाह से दूर रहें. इस मौके पर कार्यपालक पदाधिकारी अजय साव, सदर थाना के एसआइ अजीत सिंह, गुलाम रब्बानी, मो अख्तर, मो क्यूम, मो निसार, मो शमीम, भोला शर्मा, दीपक ठाकुर समेत कई लोग शामिल थे. बैठक में मुहर्रम छड़वा मैदान में घटी घटना की निंदा की गयी.
