हजारीबाग : श्री चैत रामनवमी के पूर्व दूसरा मंगला जुलूस परंपरागत ढंग से शहर में मंगलवार की देर शाम निकला. विभिन्न आखाड़ों से निकाले गये मंगला जुलूस में श्रद्धा व उल्लास का माहौल देखते ही बन रहा था. वहीं मुहल्लों की रामनवमी महासमिति की ओर से जुलूस के साथ झांकी निकाली गयी.
इससे पहले अखाड़े की ओर से हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की गयी. उसके बाद गाजे-बाजे के साथ जुलूस निकला. खिलाड़ियों ने अस्त्र शस्त्र के करतब दिखाये. इस दौरान जय श्रीराम के नारों से माहौल गूंज उठा. इधर, जुलूस को लेकर शहर के चौक-चौराहों पर सुरक्षा की व्यवस्था की गयी थी. पुलिस प्रशासन की तैनाती कर दी गयी थी. शहर के चौक- चौराहों पर मजिस्ट्रेट तैनाती अभी से कर दी गयी है. पुलिस बल की भी तैनाती की गयी है.
रामनवमी शांतिपूर्वक मनाने की अपील
हिंदू-मुस्लिम एकता कमेटी तकिया मजार, नवाबगंज ने रामनवमी महापर्व आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण तरीके से मनाने का निर्णय लिया. कमेटी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर शहरवासियों से आपसी भाईचारा बनाये रखने की अपील की है. अपील करनेवालों में बटेश्वर प्रसाद मेहता, बीएस आजाद, मिठू राम, दीपक प्रसाद मेहता, विनोद रवानी, राजा बाबू,रोहित मेहता, कुलदीप दास, पंकज दास, मुबारक अंसारी, मो मिन्हाज, सुरेश ठाकुर एवं रीना शर्मा शामिल हैं.
