बरकाकाना : पूर्व मध्य रेलवे (धनबाद रेल मंडल) के बरकाकाना-गढ़वा रूट पर स्थित हेंदेगीर स्टेशन में शनिवार रात स्टेशन मास्टर राजीव कुमार और पोर्टर संतोष कुमार का पांच-छह हथियारबंद अपराधियों ने अपहरण कर लिया़ वहीं स्टेशन परिसर व पटरी के पास विस्फोटक रखकर उसे उड़ाने का प्रयास किया. घटना शनिवार देर रात लगभग 1.45 बजे की बतायी जा रही है.
हालांकि अपहरण के कुछ घंटों के बाद ही अपहरणकर्ताओं ने स्टेशन मास्टर और पोर्टर को रातू में छोड़ दिया. पूरे मामले में स्टेशन मास्टर के फर्द बयान पर जीआरपी थाना, बरकाकाना में पांच-छह अज्ञात अपराधियों के खिलाफ पर मामला दर्ज किया गया है. इससे पहले विस्फोटक को स्टेशन व लाइन से हटा लिया गया था, जिससे बड़ी घटना टल गयी़ इधर घटना के बाद बरकाकाना-गढ़वा रूट पर परिचालन ठप हो गया. स्टेशन मास्टर व पोर्टर के सकुशल वापसी की सूचना के बाद लगभग छह बजे से परिचालन शुरू कर दिया गया.
स्टेशन मास्टर राजीव कुमार ने बताया कि शनिवार की रात 1.45 बजे हेंदेगीर स्टेशन से 18612 अप इंटरसिटी एक्सप्रेस गुजर रही थी. स्टेशन मास्टर व पोर्टर द्वारा ट्रेन को ऑल राइट का सिग्नल दिया जा रहा था. उसी दौरान उनकी नजर स्टेशन व पटरियों में हो रही हलचल पर पड़ी.
