हजारीबाग : नगर निगम में 200 सफाई मित्रों की अस्थायी बहाली प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है. यह निर्णय झारखंड सरकार के नगर विकास विभाग के उपनिदेशक के आदेशानुसार सोमवार को नगर निगम की जोनल कमेटी की बैठक में लिया गया. अब सरकार से मार्गदर्शन लेने के बाद ही सफाई कर्मियों की बहाली होगी. सरकार के आदेश पत्र में कहा गया है कि सृजित पद से अधिक सफाई कर्मी की प्रतिनियुक्ति कर सकते है. बहाली के बजाय शहर की सफाई आउटसोर्सिंग से करायी जा सकती है.
महापौर रोशनी तिर्की की अध्यक्षता में हुई बैठक में कई बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया. समिति ने कहा कि शहर में नियमित सफाई व्यवस्था बनाये रखने के लिए निगम में उपलब्ध 330 सफाई कर्मियों को सभी 36 वार्डों में प्रतिनियुक्त किया जायेगा. इसके अलावा 40 अस्थायी सफाई कर्मियों को जरूरत के मुताबिक अभियान के तहत रखा जायेगा. निगम की सभी योजनाओं व विकास कार्यों की बैठक 21 जुलाई को होगी. निगम के विभिन्न कार्यों के निष्पादन में विलंब होने पर महापौर रोशनी तिर्की और उप महापौर राजकुमार लाल ने नाराजगी जतायी.
उन्होंने कहा कि जनहित समेत अन्य कार्य समय पर नहीं पर किये जाते है, तो संबंधित कर्मचारी पर कार्रवाई की जायेगी. साथ ही उस कार्य को दूसरे कर्मचारी के हाथों में सौंप दिया जायेगा. शहर की बिजली खराब है, इसकी मरम्मत शुरू की जायेगी. मरम्मत की सामग्री आपूर्ति की निविदा पूरी कर ली गयी है. बैठक में वार्ड पार्षद विकास यादव, राजेश कुमार, सुनीता देवी, रेखा सिंह, पंकज कुमार गुप्ता, दिलीप साव, राकेश सिन्हा, जेइ विश्वनाथ, प्रधान सहायक संजय कुमार समेत कई लोग उपस्थित थे.
