हजारीबाग: खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय ने गुरुवार को हजारीबाग जिले के 183 वनरक्षियों को नियुक्ति पत्र बांटा. नियुक्ति पत्र बांटने के पश्चात सरयू राय ने कहा कि 37 साल के बाद वन रक्षियों की बहाली हुई है. इसमें योग्यता वाले युवा वनरक्षी चयनित हुए हैं. सभी को छह माह का प्रशिक्षण दिया मिलेगा. चयनित वनरक्षी प्रशिक्षण के बाद अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे.
उन्होंने कहा: नवचयनित वनरक्षी अपने कर्त्तव्यों का पालन ईमानदारी से करें. आपका काम सिर्फ वृक्षों की रक्षा करना नहीं, बल्कि प्रकृति के रक्षक की भी भूमिका निभानी है. मानव प्रवृत्ति के कारण आज पर्यावरण का नुकसान हो रहा है. इन सभी पहलुओं पर केंद्रित होकर दायित्वों का निर्वहन करें.
पौधरोपण किया: कार्यक्रम के उपरांत मंत्री व अधिकारियों ने फॉरेस्ट कॉलोनी स्थित वन सभागार परिसर में पौधारोपन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय वन संरक्षक संजीव कुमार ने किया, जबकि संचालन डीएफओ राजीव रंजन ने किया. मौके पर वन संरक्षक संजय कुमार, डीएफओ सुशील सोरेन, भगवान मिश्रा सहित सैंकड़ों लोग उपस्थित थे.
