केरेडारी. हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के कोले स्टेशन के पास बाइक सवार दंपती पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की. इसमें मंजू देवी नामक महिला की मौत हो गयी, जबकि उसका पति विकास प्रजापति घायल हो गया. जानकारी के अनुसार राय बस्ती निवासी विकास प्रजापति अपनी पत्नी मंजू देवी के साथ 26 अप्रैल को मोटरसाइकिल से रामगढ़ खरीदारी करने गया था. वहां से घर लौटने के क्रम में खलारी-पतरातू मुख्य मार्ग पर कोले स्टेशन के समीप शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिया के पास घात लगाये अपराधियों ने फायरिंग कर दी. इस हमले में विकास प्रजापति की बांह में गोली लगी, जबकि मंजू देवी सिर में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गयी. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बचरा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मंजू देवी को मृत घोषित कर दिया. वहीं विकास प्रजापति को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही केरेडारी थाना के हेंदेगीर पिकेट पुलिस और पिपरवार पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल से दो खाली खोखा सहित कुछ सामान बरामद किया है. मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है. केरेडारी पुलिस ने बचरा अस्पताल से मंजू देवी का शव पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल अस्पताल भेज दिया है. घटना के संबंध में मृतका की मां देवंती देवी ने केरेडारी थाना में आवेदन दिया है. जिसमें उसने मृतका के पति विकास प्रजापति, ससुर नरेश प्रजापति, ननद गुड़िया देवी, निशा देवी, पूजा देवी, ननदोई संदीप प्रजापति, संजय प्रजापति को आरोपी बनाया है. केरेडारी थाना के सहायक अवर निरीक्षक टिंकू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद मामला दर्ज किया जायेगा.
बाइक सवार दंपती पर फायरिंग, पत्नी की मौत, पति घायल
26 अप्रैल की शाम रामगढ़ से खरीदारी कर घर लौट रहा था दंपती
