हाल. बारिश से चरमरायी बिजली की स्थिति
हजारीबाग : हजारीबाग जिले के टाटीझरिया, बड़कागांव, केरेडारी व दारू के कई इलाके में 27 जुलाई को भी बिजली बहाल नहीं हो पायी. टाटीझरिया में पिछले 150 घंटे से बिजली गुल है. वहीं बड़कागांव व केरेडारी में 72 घंटे से बिजली नहीं है. हालांकि गुरुवार को कटकमसांडी, सदर, इचाक, पदमा, बरकट्ठा, विष्णुगढ़ में बिजली बहाल कर दी गयी, लेकिन बिजली की आपूर्ति नियमित नहीं है.
लाइनमैन ले रहे प्रशिक्षण: बिजली विभाग की लापरवाही उस वक्त देखने को मिली, जब भारी बारिश से शहरी व ग्रामीण इलाके में बिजली की स्थिति दयनीय हो गयी है. लोग 70-80 घंटे से अंधेरे में हैं. वहीं विभाग की ओर से 30 स्थायी लाइनैन को प्रशिक्षण के लिए भेज दिया.
भारी बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी. कई जगह पोल व तार टूट गये. जिस दिन बारिश शुरू हुई, उसी दिन 24 जुलाई को पूरे विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के 30 जूनियर लाइनमैन के लिए प्रशिक्षण शुरू हुआ. प्रशिक्षण नेशनल स्कील इंडिया कॉरपोरेशन के मो शाहिद वली दे रहे हैं. यह प्रशिक्षण सात अगस्त तक चलेगा.
बड़कागांव के 64 गांव में 72 घंटे से बिजली नहीं: बड़कागांव. बड़कागांव प्रखंड के 64 गांवों में 72 घंटे से बिजली नहीं है. हजारीबाग से बड़कागांव सब-स्टेशन तक आनेवाले 33 हजार वोल्ट का तार व पोल क्षतिग्रस्त हो जाने से यह समस्या उत्पन्न हुई है.
वहीं 11 हजार व 440 वोल्ट की लाइन भी कई स्थानों पर खराब है. आंगो, विश्रामपुर व बड़कागांव समेत कई जगहों पर तार गिरे हुए हैं. इससे पूरे इलाके में बिजली नहीं है. लोग मोबाइल चार्ज भी नहीं कर पा रहे हैं. बड़कागांव, नापोखुर्द, नापोकला, डोकाटांड़, सिंदुवारी, नगड़ी, सोनबरसा, चुरचू, जुगरा, चेपाकला, चेपाखुर्द, सिकरी, महटिकरा, तलासवार, हरली, डोकाटांड, नयाटांड़ विश्रामपुर, शिबाडीह, महुगाई, बाबुपरा, राउतपारा, सिकरी, गोंदलपुरा, गाली बलोदार समेत 64 गांव अंधेरे में है. जेइ ने कहा है कि बिजली की स्थिति सामान्य होने में दो से तीन दिन लगेंगे.
