सिसई. सिसई प्रखंड के पोटरो गांव के युवाओं ने इच्छा शक्ति व सामूहिक सहयोग से खेल ग्राउंड का निर्माण किया है. प्रशासन की उदासीनता को दरकिनार करते हुए अपने दम पर खेल मैदान बना डाला है. बसिया रोड पारस नदी के किनारे खाली पड़ी परती जमीन पर ग्रामीणों व खिलाड़ियों ने चंदा इकट्ठा व श्रमदान के बल पर यह मैदान तैयार किया है. गांव के युवा संदीप साहू, अजीत साहू, देवेंद्र साहू, ओमप्रकाश साहू, शिव पूजन साहू, अमरदीप साहू, चतुर्गुण साहू, अमित साहू, सत्यम, सहज, अंकित कुमार, नितेश कुमार, कुंदन साहू, रामविलास साहू, अनिल उरांव, सहावीर उरांव, रोशन उरांव, सोनू उरांव ने बताया कि राजस्व ग्राम पोटरो में एक भी खेल मैदान नहीं था. यहां के दर्जनों युवक खोखो, कबड्डी, एथलेटिक्स जैसे खेलों में नेशनल तक खेल चुके हैं. यहां के बच्चों व युवाओं में खेल के प्रति गहरी रुचि व लगाव होने के बावजूद सुविधाओं के अभाव में सभी की प्रतिभा दम तोड़ रही थी. इसको देखते हुए युवकों की पहल पर ग्रामीणों ने ग्रामसभा बुला कर मैदान बनाने का प्रस्ताव रखा. इसके लिए ग्रामीणों ने समतलीकरण के लिए आर्थिक सहयोग दिया और श्रमदान कर खाली पड़े सरकारी प्रति जमीन को खेल मैदान बना दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
