बसिया. थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्लॉक गेट के समीप दोपहर एक बजे खड़ी स्कूटी में कार ने टक्कर मार दी. घटना में स्कूटी पर बैठा युवक रोहित लोहरा घायल हो गया. रोहित लोहरा अपने एक दोस्त के साथ अपनी स्कूटी का किश्त जमा करने के लिए गया था. वहां से वापस लौटने के दौरान ब्लॉक गेट के समीप उसने अपनी स्कूटी खड़ी की, जिसके बाद उसका दोस्त पेशाब करने चला गया, जबकि रोहित अपनी स्कूटी पर बैठा था. इस दौरान सिमडेगा की ओर से तेज रफ्तार से आ रही कार (जेएच-01सीबी-1741) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. दुर्घटना के बाद ग्रामीणों के सहयोग से घायल रोहित को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया.
शहीद प्रदीप तिर्की की पुण्यतिथि मनी
बसिया. प्रखंड के मोरेंग रायकेरा गांव के लाल शहीद प्रदीप तिर्की की पुण्यतिथि मनायी गयी. शहीद प्रदीप तिर्की 30 मार्च 2016 में छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गये थे. श्रद्धांजलि कार्यक्रम का शुभारंभ जीसी सीआरपीएफ 218 बटालियन के इंस्पेक्टर अब्बास खान के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में स्थापित शहीद प्रदीप तिर्की की प्रतिमा पर माल्यार्पण व श्रद्धासुमन अर्पण के साथ किया गया. कार्यक्रम में शहीद प्रदीप तिर्की की पत्नी कांति मिंज को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया गया. मौके पर सीआरपीएफ 218 बटालियन रांची के समीरुद्दीन खान, रजनीश चौबे, हरेंद्र सिंह, सुभाशीष पात्रा, संत जोसेफ इंटर कॉलेज कोनबीर नवाटोली के प्रिंसिपल ब्रदर सुशील मौजूद थे.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।