गुमलाः गुमला शहर से सटे रश्मि नगर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच मोहल्ले के जागरूक लोगों की सतर्कता से गुरुवार को एक कथित चोर पकड़ा गया. सीनियर सिटीजन समेत मोहल्ले के लोग पिछले कुछ दिनों से इलाके में संदिग्ध लोगों पर नजर रख रहे थे. इसी दौरान निर्माणाधीन मकान के बाहर रखा चदरा लेकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया. उसका एक साथी मौके से फरार हो गया.
चदरा लेकर भागते युवक को दौड़ाकर पकड़ा
मोहल्ले के लोगों के अनुसार, गुरुवार को एक युवक निर्माणाधीन मकान के बाहर रखा चदरा लेकर भाग रहा था. लोगों की नजर उस पर पड़ गयी. इसके बाद लोगों ने उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया. पकड़े गये युवक की पहचान बड़ा अंबवा गांव निवासी सगीर के रूप में हुई है.
ये भी पढ़ें- गुमला को मॉडल शहर बनाने का सपना अधूरा, सिटी मैनेजर की कार्यशैली पर जनता ने उठाए सवाल
रस्सी से बांधकर पिटाई करने का आरोप
युवक को पकड़ने के बाद लोगों ने उसके हाथ रस्सी से बांध दिये. लोगों द्वारा उसकी पिटाई किये जाने की भी बात सामने आयी है. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाना ले गयी. पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.
मौके से अपाची बाइक बरामद
पुलिस ने मौके से एक अपाची बाइक भी बरामद की है. मोहल्ले के लोगों के मुताबिक बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर का एक अंक मिटाया गया है. लोगों का दावा है कि दो दिन पहले जब दोनों संदिग्ध इलाके में रेकी कर रहे थे, तब बाइक पर पूरा रजिस्ट्रेशन नंबर अंकित था. पुलिस बाइक और उसके रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच कर रही है. साथ ही पकड़े गये युवक से पूछताछ के आधार पर उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है.
ये भी पढ़ें- ट्रक की सीधी टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत, शव की पहचान नहीं
