Gumla: गुमला जिला अंतर्गत भरनो थाना क्षेत्र के ग्राम मलगो चंपाटोली निवासी 28 वर्षीय प्रदीप उरांव ने बुधवार की रात अपने घर में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल फैल गया. परिजनों ने बताया कि प्रदीप उरांव ईंट भट्ठा में मजदूरी का काम करता था. बुधवार को होली के अवसर पर रंग-अबीर खेलकर घर लौटा था. इसके बाद रात में उसने घर के अंदर रस्सी के सहारे फांसी लगा ली.
दिनभर खेली होली, रात में लगा ली फांसी
बुधवार रात करीब 10 बजे परिजनों को घटना की जानकारी हुई. इसके बाद ग्रामीणों की मदद से उसे फंदे से नीचे उतारा गया और तुरंत भरनो थाना को सूचना दी गयी. सूचना मिलने पर भरनो थाना की पुलिस गुरुवार सुबह घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
बताया जाता है कि मृतक के परिवार में पत्नी सहित छोटे छोटे तीन बेटे और एक बेटी हैं. आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें…
सीएम हेमंत सोरेन ने नेमरा में किया तालाब का निरीक्षण, बाहा पूजा के लिए अधिकारियों को दिए निर्देश
गढ़वा में रगड़ दिए गए रंगीले हेडमास्टर, अश्लील गानों पर बच्चियों संग थिरक रहे थे
