गुमला. गुमला थाना क्षेत्र के मुरकुंडा गांव में हेमा देवी ने अमित टेटे पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें जिंदा जलाने का प्रयास करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिकी के अनुसार, 21 सितंबर 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे अमित टेटे हेमा देवी के घर पहुंचा और उनके साथ मारपीट करने लगा. मारपीट में हेमा देवी के सिर में चोट लगी. आरोप है कि अमित अपने साथ एक डिब्बे में पेट्रोल और तार लेकर आया था. उसने महिला पर पेट्रोल छिड़ककर उन्हें जान से मारने का प्रयास किया.
परिवार के अन्य सदस्यों को भी जान से मारने की धमकी
हेमा देवी के अनुसार, अमित के साथ उनकी 23 वर्षीय भतीजी खुशी कुमारी भी आयी थी. बताया गया है कि खुशी फरवरी माह से अमित के साथ रह रही है. महिला ने आरोप लगाया है कि अमित ने उन्हें, उनके पति और परिवार के अन्य सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी है. उनका कहना है कि आरोपी पहले भी परिवार के अन्य सदस्यों को धमकी दे चुका है. हेमा देवी ने आशंका जतायी है कि भविष्य में उनके या परिवार के किसी सदस्य के साथ कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए अमित टेटे जिम्मेदार होगा. उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है. पुलिस प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: Gumla: भरनो के अमलिया और डहुटोली में हाथी ने मचाया उत्पात, फसलों को रौंदा
