गुमला. गुमला-सिमडेगा मुख्य मार्ग स्थित नागफेनी नदी में शनिवार को एक महिला ने अचानक छलांग लगा दी. महिला को नदी में कूदते देख उसके पति के होश उड़ गये. वह कुछ कर पाता, इससे पहले ही राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों ने नदी में उतरकर महिला को बाहर निकाल लिया. इससे उसकी जान बच गयी.
मौसी से मांगे थे किराये के 100 रुपये
महिला की पहचान गिंडरा गांव निवासी के रूप में हुई है. बताया गया कि वह सिसई के मुरगू गांव स्थित अपनी मौसी के घर गयी थी. वहां से लौटने के दौरान उसने मौसी से किराये के लिए 100 रुपये मांगे. लेकिन मौसी ने उसे पैसे नहीं दिये. इससे वह काफी आहत हो गयी और नागफेनी नदी में छलांग लगा दी.
पुलिस करा रही इलाज
महिला के पति के अनुसार उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं है. घटना के बाद पुलिस महिला का इलाज करा रही है. समय रहते राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाल लिया गया.
